मुख्यमंत्री ने UPPSC से चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किया नियुक्तिपत्र

  • पहली बार किसी आयोग ने चयन प्रक्रिया को समय के अंदर पारदर्शी तरीके से पूरा किया
  • युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जायेगाः मुख्यमंत्री


नागरिक सत्ता, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को मिशन रोजगार के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक तथा कोषाधिकारी, लेखाधिकारी पद पर नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित 4 डिप्टी कलेक्टर, 4 डिप्टी एसपी तथा 4 कोषाधिकारी, लेखाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। 

नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विगत 7 वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने शुचिता और पारदर्शिता के साथ प्रदेश में साढ़े 6 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने में सफलता प्राप्त की है। राज्य सरकार की कार्य शैली के कारण प्रदेश के करोडो़ं युवाओं को नौकरी व रोजगार की सुविधा प्रदान की गई है। इससे उन्हें अलग-अलग सेक्टर में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हुआ है। इसका प्रभाव प्रदेश की जीडीपी तथा प्रति व्यक्ति आय पर पड़ा है। उत्तर प्रदेश, देश में दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर कर सामने आया है। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकार ईमानदारी से कार्य करती है, तो लोगों का परसेप्शन बदलता है। यह विगत 7 वर्षों में प्रदेश में देखने को मिला है। वर्ष 2017 से पूर्व, राज्य के प्रति लोगों के मन में संदेह होता था। विगत 7 वर्षों में लोग प्रदेश तथा विभाग वही हैं केवल कार्य संस्कृति बदली है। आज प्रदेश का युवा यदि राज्य से बाहर जाता है तो वहां के लोग उसे सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। यह प्रदेश सरकार द्वारा निर्णय लेने के लिए तय किए गए मैकेनिज्म के कारण सम्भव हो पाया है। राज्य सरकार ने अपनी कार्य पद्धति में शुचिता और पारदर्शिता को महत्व दिया तथा ईमानदारी को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी। हम सभी को इसके परिणाम देखने को मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने नव चयनित अधिकारियों एवं उनके परिजनों को बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त कि प्रदेश को नव चयनित 39 उप जिलाधिकारी, 41 पुलिस उप अधीक्षक तथा 16 कोषाधिकारी, लेखा अधिकारी प्राप्त हुए हैं। यह सभी प्रदेश की विकास की गति को और तेज करने में अपना योगदान देंगे। नवचयनित अधिकारियों को सरकार के इंजन के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक नव चयनित डिप्टी कलेक्टर फील्ड में आएंगे तब तक प्रदेश सरकार राजस्व के सभी कार्यों को पूरी तरह डिजिटाइज्ड करने में सफल हो चुकी होगी। आज भी राजस्व से सम्बन्धित मामले विवाद के सबसे बड़ा कारण हैं। डिप्टी कलेक्टर समयबद्ध तरीके से तहसील कार्यालय में बैठकर लम्बित मामलों की संख्या तय कर  समय-सीमा में इसके निस्तारण की प्रक्रिया को पूरा करें। हमारा दायित्व गरीबों को न्याय देना होना चाहिए। हमें उस गरीब के साथ भी खड़ा होना चाहिए जिसकी किसी ने सुनवाई नहीं की।

कार्यक्रम को वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार, अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक देवेश चतुर्वेदी, अपर मुख्य सचिव वित्त दीपक कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, सूचना निदेशक शिशिर तथा नव चयनित अधिकारी उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही