भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाएगा 2024 का जनादेश: पीएम मोदी

  • प्रधानमंत्री मोदी ने चुनावी प्रचार का किया शंखनाद

मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ में रविवार को एक चुनावी रैली संबोधित कर चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, एनडीए के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी, मेरठ लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार अभिनेता अरुण गोविल भी मौजूद रहे। इस रैली में नेताओं ने बल्ला, किसान का हल और लकड़ी से बना राम मंदिर देकर पीएम मोदी का मंच पर स्वागत किया। इसके बाद महिला शक्ति ने पीएम मोदी को फूलमाला पहनाई। 

  • मेरठ की धरती ने चौधरी चरण सिंह जैसे महान सपूत दिए हैं

चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरठ की यह धरती क्रांति और क्रांति वीरों की धरती है। इस धरती पर बाबा अवघड़ धाम का आशीर्वाद है। इस धरती ने चौधरी चरण सिंह जैसे महान सपूत देश को दिए हैं। हमारी सरकार को उन्हें भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला है। मैं उन्हें आदरपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है। 2024 का चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है। 2024 का जनादेश भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाएगा।

  • पूरी दुनिया भारत को भरोसे से देख रही है

पीएम मोदी ने कहा हमारी सरकार तीसरे कार्यकाल की तैयारी में अभी से जुट गई है। हम आने वाले पांच साल का रोडमैप बना रहे हैं। पहले 100 दिनों में हमें कौन-कौन से बड़े फैसले लेने हैं, इस पर तेजी से काम चल रहा है। बीते 10 वर्षों में तो आपने विकास का ट्रेलर ही देखा है, अभी तो हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है। उन्होंने कहा, भारत का समय आ गया है, भारत चल पड़ा है। आज भारत में तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है। आज भारत इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर अभूतपूर्व निवेश कर रहा है। आज हर सेक्टर में नौजवानों के लिए नए अवसर बन रहे हैं। आज देश की नारीशक्ति, नए संकल्पों के साथ आगे आ रही है। आज भारत की साख नई ऊंचाई पर है पूरी दुनिया भारत को भरोसे से देख रही है।

  • हमने गरीब को सशक्त कर उसका स्वाभिमान लौटाया है

पीएम मोदी ने कहा ये मोदी गरीबी से तप कर आज यहां पहुंचा है और इसलिए हर गरीब का दुख, हर गरीब की पीड़ा, हर गरीब की तकलीफ मोदी भली भांति समझता है। इसलिए मैंने गरीब की हर चिंता को दूर करने के लिए योजनाएं बनाईं। हमने गरीब को सिर्फ सशक्त ही नहीं किया है, बल्कि हमने गरीब को उसका स्वाभिमान लौटाया है। 

  • भ्रष्टाचारी जायेगा जेल, ये मोदी की गारंटी है

पीएम मोदी ने विपक्ष पर इशारा करते हुए कहा कि इन लोगों ने मिलकर एक इण्डिया गठबंधन बनाया है। इनको लगता है कि मोदी इनसे डर जाएगा लेकिन मेरे लिए मेरा भारत मेरा परिवार है। मैं अपने देश को भ्रष्टाचारियों से बचाने के लिए एक बहुत बड़ी लड़ाई लड़ रहा हूं। इसलिए बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी आज सलाखों के पीछे हैं। सुप्रीम कोर्ट से भी जमानत नहीं मिल रही है। भ्रष्टाचारी कान खोलकर सुन लें, मोदी पर चाहे जितने भी हमले करो, ये मोदी है, रुकने वाला नहीं है। भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, एक्शन होगा और जरूर होगा। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा। ये मोदी की गारंटी है।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही