बगैर किसी भेदभाव अथवा पक्षपात के जनहित के लिए कार्य करें: मुख्यमंत्री

  • मुख्यमंत्री से भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2021 एवं 2022 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने भेंट की



नागरिक सत्ता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2021 एवं 2022 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर परिवीक्षाधीन अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इन अधिकारियों को यूपी कैडर अलॉट हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवीक्षाधीन पुलिस अधिकारियों को थाने की कार्यपद्धति, सर्किल से समन्वय व पुलिस लाइन की कार्यपद्धति की जानकारी अनिवार्य रूप से हो। पुलिस कमिश्नर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इन पुलिस अधिकारियों को कम से कम 3 माह अपने साथ अवश्य रखें और परिवीक्षाधीन पुलिस अधिकारी उनके अनुभवों का लाभ लें। इन पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी दी जाए। सभी पुलिस अधिकारी मेरिट के अनुसार कार्य करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए मजबूत सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बहुत आवश्यक है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश देश में लॉ एण्ड ऑर्डर के संदर्भ में एक मॉडल स्टेट बन चुका है। परिणामस्वरूप देश व दुनिया से निवेश उत्तर प्रदेश में आ रहा है। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 से अब तक हमें लगभग 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्राप्त हो चुके हैं। प्रदेश सरकार शीघ्र ही 10 लाख करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास करने जा रही है। इससे लोगों को रोजगार भी मिलेगा। आज लोगों की सोच में परिवर्तन आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस को प्रदेश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करना होगा।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से संवाद स्थापित करने की क्षमता अधिकारियों को सफल बनाती है। संवाद से बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। जनता के साथ पुलिस का व्यवहार अत्यन्त महत्वपूर्ण है क्योंकि पुलिस और जनता का आमना-सामना निरन्तर होता रहता है। उन्होंने सभी परिवीक्षाधीन अधिकारियों को जनता के साथ मधुर व्यवहार करने की सलाह दी।

परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप वे अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक विजय कुमार, डीजी लॉ एण्ड ऑर्डर प्रशान्त कुमार सहित पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही