कुलपति प्रो एनबी सिंह के नेतृत्व में निकाला गया तिरंगा यात्रा
- तिरंगा यात्रा के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर तिरंगा झंडा का वितरण किया गया
लखनऊ (नागरिक सत्ता)। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में आजादी के 75 वें वर्ष में 'अमृत महोत्सव' के अंतर्गत कुलपति प्रो एनपी सिंह के नेतृत्व में तिरंगा झंडे का वितरण एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस मौके पर ग्रामवासियों के साथ संवाद भी किया गया।
तिरंगा यात्रा विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन से प्रारंभ होकर चक्कर पुरवा गांव जाकर खत्म हुई। चक्करपुरवा गांव में कुलपति ने वहां के निवासियों के साथ संवाद किया उन्हें आजादी के दौरान हुए संग्राम एवं सेनानियों के बारे में अवगत कराया। वहां के बच्चों से स्वतंत्रता से संबंधित प्रश्न पूछे गए एवं तिरंगा वितरण का कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना के सहयोग से कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि सेनानियों के संघर्ष को याद करने के लिए आजादी के 75 वें स्वर्णिम वर्ष में हम लोग उन्हें तिरंगा यात्रा के द्वारा स्मरण कर रहे हैं। कुलपति ने विद्यार्थियों एवं गांव वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी को अपने सेनानियों के प्रति जानने की इच्छा रखनी चाहिए। उनसे जीवन जीने की प्रेरणा लेनी चाहिए। साथ ही एक स्वस्थ एवं जागरूक नागरिक के रूप में एकत्रित होकर राष्ट्र निर्माण में भूमिका अदा करनी चाहिए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ जावेद अख्तर, कार्यक्रम अधिकारी क्रमशः डॉ नलिनी मिश्रा, डॉ पूनम चौधरी, डॉ शचीन्द्र शेखर, डॉ अभय कृष्ण और डॉ ज़फरून नकी के साथ-साथ भारी तादाद में स्वयंसेवक एवं चक्कर पुरवा गांव के निवासियों की उपस्थिति एवं सहभागिता रही।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
न्यूज़ पढ़ने और अपना विचार व्यक्त करने के लिए आपका हार्दिक आभार