135 भारतीय शांति सैनिक संयुक्त राष्ट्र पदक से हुए सम्मानित

 

नई दिल्ली। दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन (यूएनएमआईएसएस) में तैनात 135 भारतीय शांति सैनिकों को उनके 'उत्कृष्ट प्रदर्शन' के लिए संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया है। संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में सैन्य योगदान देने वाले सबसे बड़े देशों में से भारत एक है। भारत के इन जवानों ने दक्षिण सूडान के जोंगलेई राज्य और ग्रेटर पिबोर प्रशासनिक क्षेत्र में अक्सर होने वाली सांप्रदायिक हिंसा से ग्रस्त घटनाओं को काबू किया है।

दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन ने सोमवार को एक प्रेस नोट जारी कर यह जानकारी दी है। संयुक्त राष्ट्र मिशन के साथ सेवा कर रहे भारतीय और श्रीलंकाई शांति सैनिकों को उनके संयुक्त राष्ट्र सेना कमांडर ने सलामी देते हुए उनके सीने पर ब्लू बेरेट्स पदक भी लगाए। भारतीय सैनिक दक्षिण सूडान के बोर, पिबोर और अकोबो में एक अस्थायी संचालन अड्डे पर तैनात हैं और वे पशु चिकित्सा शिविर जैसे नागरिक-सैन्य सहयोग सहित कई तरह की गतिविधियों में लगे हुए हैं। इसके अलावा बाढ़ से उत्पन्न हालातों के बीच हजारों लोगों के विस्थापन में भी अहम भूमिका निभाई है।

इस मौके पर सेक्टर ईस्ट कमांडर ब्रिगेडियर जनरल दीपक कुमार बनिया ने संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित होने वाले सभी सैन्य कर्मियों से इसी तरह शांति कार्यों में लगे रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि "शांति की कीमत कभी-कभी बहुत अधिक होती है क्योंकि दुनिया भर के कुल 49 शांति अभियानों में भारत के बहादुर 157 जवानों ने अपनी जान भी गंवाई है।"

 श्रीलंका के सैनिकों को भी मिला सम्मान

भारत के साथ-साथ मिशन में सेवारत 103 श्रीलंकाई शांति सैनिकों को भी उनकी सेवा के लिए सम्मानित किया गया है। इस अवसर पर शांति मिशन के फोर्स कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल शैलेश तिनिकर ने श्रीलंकाई विमानन इकाई के जवानों  की सराहना करते हुए कहा कि "आपने सबसे कठिन परिस्थितियों में उड़ान भरी है। देश के इस हिस्से में आपके दो हेलीकॉप्टरों को मार गिराया गया है, लेकिन आपने कभी भी अपने महत्वपूर्ण कार्य को जारी रखने से नहीं रोका। आप उतने ही बहादुर और प्रतिबद्ध हैं जितने कि आप अपने देश के पायलटों से उम्मीद करते हैं।"

 शांति मिशन में 1948 से योगदान दे रहा है भारत

भारत संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना में लंबे समय से योगदान देता आ रहा है। 1948 से दुनिया भर के 71 संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में से 49 में 200,000 से अधिक भारतीयों ने अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, भारत से 6,700 से अधिक सेना और पुलिस बल के जवान तैनात हैं। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में सैन्य योगदान देने वाले देशों में भारत चौथा सबसे बड़ा देश है।

 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही