विधान सभाः सर्वदलीय बैठक में बजट सत्र के संचालन हेतु अध्यक्ष ने मांगा सहयोग

 

लखनऊ (ना.स.)। उत्तर प्रदेश विधान सभा के कल से शुरू हो रहे बजट सत्र के संचालन के लिए विधान सभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने सर्वदलीय बैठक का आयोजन कर दलीय नेताओं से सहयोग की अपील की। सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष राम गोविन्द चैधरी सहित सभी दलीय नेताओं ने सदन चलाने में सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

बैठक में सदन के नेता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लगभग छः महीने बाद हम सब कोविड 19 संक्रमण एवं चुनौतियों का सामना करते हुए आज मिल रहे है। उन्होंने कहा कि हम सार्थक और रचनात्मक बहस एवं विचार विमर्श को बढ़ावा देने के साथ साथ अधिकतम समय तक कार्यवाही चलाने के लिए प्रतिबद्ध है। सदन की उच्च गरिमा और मर्यादा को बनाये रखते हुए, गम्भीर चर्चा को आगे बढ़ाते हुए सदस्यों की गरिमा बढ़ेगी और लोकतंत्र के प्रति आमजन की आस्था बढ़ेगी। सदन में हम सबका आचरण समाज को प्रभावित करता है। एक नई दिशा देता है, उसके माध्यम से समाज फिर अपनी दिशा तय करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से कार्यवाही को सफलतापूर्वक संचालित करने और सदस्यों के द्वारा उठाये गये मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। सरकार पूरा प्रयास करेगी की सभी विषयों पर सकारात्मक कार्यवाही हो। यह सत्तापक्ष और विपक्ष की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस सत्र में देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश का ई बजट प्रस्तुत होने जा रहा है।

अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी विधान सभा होने के नाते हमारे ऊपर दायित्व है कि हम संविधान के प्रति प्रतिबद्ध परंपरा, प्रतिबद्ध संस्कृति और हर तरह से संविधान के प्रति निष्ठावान होकर सदन की कार्यवाही को मधुरता पूर्वक चलायें। सदन में सारवान और गुणवत्तापूर्ण चर्चा को इसके लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। बैठक में नेता विरोधी दल रामगोविन्द चैधरी, बहुजन समाज पार्टी के नेता लालजी वर्मा और कांग्रेस पार्टी के नेता आराधना मिश्रा मोना एवं अपना दल एस के नेता नील रतन पटेल एवं सुहेल देव पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर के स्थान पर त्रिवेणी राम ने बैठक में भाग लिया। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्यमंत्री की भावनाओं के साथ सम्बद्ध करते हुए सभी दलीय नेताओं से सदन के सफल एवं सुचारू रूप से संचालन के लिए सहयोग मांगा।

कार्यमंत्रण की बैठक

इसके पूर्व कार्यमंत्रणा की बैठक में अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि 18 फरवरी से  10 मार्च तक घोषित कार्यक्रम के अनुसार बैठक होगी। 18 फरवरी को 11 बजे राज्यपाल का विधान मण्डल के एक साथ समवेत दोनों सदनों के समक्ष अभिभाषण होगा। 22 फरवरी को 11 बजे पूर्वाह्न वर्ष 2021-22 के आय व्यय का प्रस्तुतीकरण किया जायेगा। 19 फरवरी को सदन में निधन के निदेश लिये जायेंगे। बैठक में मंत्री रमापति शास्त्री, मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या, राज्यमंत्री गुलाब देवी, फतेह बहादुर सिंह एवं योगेन्द्र उपाध्याय ने भाग लिया। बैठक में उत्तर प्रदेश विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे एवं प्रमुख सचिव संसदीय कार्य जेपी सिंह व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही