देवरिया में 6,200 करोड़ रु से अधिक की 5 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास एवं शुभारम्भ

  • प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारत दुनिया में विश्वास का प्रतीक बना हैः योगी आदित्यनाथ 
  • चीनी तथा एथेनॉल उत्पादन में उत्तर प्रदेश, देश में पहले स्थान पर: योगी आदित्यनाथ 
  • प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हिन्दुस्तान आज एनर्जी को एक्सपोर्ट करने वाला देश बना हैः नितिन गडकरी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जनपद देवरिया में 6,200 करोड़ रुपये से अधिक की 4 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 01 परियोजना के कार्य का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाभी, टूलकिट, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, मिनी किट आदि का वितरण भी किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरहा बाबा एवं बाबा राघवदास की जमीन पर हजारों करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की सौगात देने के लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए जनपद देवरिया, बलिया, कुशीनगर के निवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने विगत 6 वर्षों में विकास, सुरक्षा, बिना भेदभाव के गरीब कल्याण का मॉडल दिया है। सबका साथ, सबका विकास ने अपनत्व का भाव दिया है। यह और तेजी के साथ आगे बढ़ेगा। दुनिया ने आत्मविश्वास से भरे हुए भारत को देखा है। आज भारत दुनिया में विश्वास का प्रतीक बना है। साथ ही, देश में किसानों, गरीबों, महिलाओं और नौजवानों के लिए भी आशा एवं विश्वास का प्रतीक है, जो नये भारत को तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है। समर्थ भारत की तस्वीर दुनिया को आकर्षित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद देवरिया तथा कुशीनगर को उत्तर प्रदेश का चीनी का कटोरा कहा जाता था। उत्तर प्रदेश में पहली चीनी मिल आज से 120 वर्ष पहले इसी देवरिया के प्रतापपुर में लगी थी। धीरे-धीरे सभी चीनी मिलें बंद होती गईं। प्रदेश सरकार जनपद में बन्द पड़ी बैतालपुर चीनी मिल को शुगर कॉम्प्लेक्स बनाना चाहती है। इसके लिए उच्चतम न्यायालय में रिट दाखिल की गयी है। उच्चतम न्यायालय द्वारा परमिशन मिलते ही जनपद में बैतालपुर की चीनी मिल पर शुगर मिल कॉम्प्लेक्स, एथेनॉल एवं डिस्टिलरी प्लाण्ट की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही, चीनी मिलों की पुनर्स्थापना के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा। उत्तर प्रदेश आज गन्ना उत्पादन में देश का नम्बर एक राज्य बन गया है। चीनी तथा एथेनॉल उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश, देश में पहले स्थान पर है।

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। प्रदेश में गुण्डा राज समाप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत हमारा सपना है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हिन्दुस्तान आज एनर्जी को एक्सपोर्ट करने वाला देश बना है। एथेनॉल, जैव ईंधन, हाइड्रोजन पर आधारित ईंधन देश की जरुरत है। इन ईंधनां के प्रयोग से पेट्रोलियम पर होने वाले व्यय में कमी आयेगी, जो देश के विकास में उपयोगी होगा। हाइड्रोजन देश का भविष्य है। उत्तर प्रदेश हाइड्रोजन बनाने वाला पहला प्रदेश बनना चाहिये। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जादाता बने, तभी उनमें आत्मनिर्भरता आयेगी और देश को भी ईधन की निर्भरता से मुक्ति मिलेगी।

शिलान्यास की गई परियोजनाओं में नवलपुर-सिकन्दरपुर 4 लेन पेव्डशोल्डर सड़क लम्बाई 45 किमी का निर्माण, 4-लेन सलेमपुर बाईपास का निर्माण लम्बाई लगभग 15 किमी, तमकुहीराज-बिहार बॉर्डर-मझौली 2-लेन पेव्डशोल्डर सड़क का निर्माण लम्बाई लगभग 25 किमी, सलेमपुर-मैरवा 2-लेन पेव्डशोल्डर सड़क का निर्माण लम्बाई 21 किमी, शामिल है। 22 किमी लम्बाई के 4-लेन देवरिया बाईपास के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया गया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, नीरज शाही सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही