अयोध्या में ‘मिशन महिला सारथी’ का शुभारम्भ

  • मुख्यमंत्री ने 51 साधारण बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया
  • नई इलेक्ट्रिक बस खरीदने पर सरकार से मिलेगी 20 लाख रुपए की सहायता


अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद अयोध्या में ‘मिशन महिला सारथी’ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 51 साधारण बीएस-टप् बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया तथा ‘मिशन महिला सारथी’ के प्रतीक का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि है। देश व प्रदेश में जगत जननी मां भगवती के आठवें रूप महागौरी की पूजा और अनुष्ठान किया जा रहा है। आज महाष्टमी की तिथि पर ‘मिशन शक्ति’ के क्रम में ‘मिशन महिला सारथी’ का शुभारम्भ किया जा रहा है।

  • चालकों और परिचालकों के रूप में महिलाओं का होना गर्व की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यहां से 51 बसें प्रदेश की अलग-अलग जगहों के लिए जाएंगी। इन बसों की चालक और परिचालक महिलाएं हैं। परिवहन निगम की बसों में चालकों और परिचालकों के रूप में महिलाओं का होना गर्व की बात है। अब बेटियां फाइटर पायलट भी बन चुकी हैं।

  • जहां नारी का सम्मान तथा गरिमा की रक्षा होगी, वह समाज सशक्त व आत्मनिर्भर बनेगा

सीएम योगी ने कहा कि भारतीय समाज ने इस मान्यता को प्रमुखता के साथ आगे बढ़ाया है कि जिस समाज में नारी का सम्मान तथा गरिमा की रक्षा होगी, वह समाज सशक्त व आत्मनिर्भर बनेगा। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से प्रदेश सरकार शारदीय नवरात्रि की प्रथम तिथि से नारी गरिमा की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए मिशन शक्ति के चतुर्थ चरण का कार्य निरन्तर आगे बढ़ा रही है।

  • नई बसें खरीदने के लिए 400 करोड़ स्वीकृत

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रदेश में परिवहन की रीढ़ माना जाता है। परिवहन निगम की पहली बस मई 1947 में चलाई गई थी। परिवहन निगम ने तब से एक लम्बी दूरी तय की है। आज परिवहन निगम विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में अब बस स्टेशन भी एयरपोर्ट की तर्ज पर बनेंगे। इस पर कार्य प्रारम्भ हो चुका है। प्रदेश सरकार द्वारा बसें क्रय करने के लिए 400 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। कुम्भ-2025 के दृष्टिगत अधिक संख्या में बसों का क्रय किया जाएगा। इसमें इलेक्ट्रिक बसें भी सम्मिलित होंगी।

  • बहुत जल्द डीजल बसों की जगह लेंगी इलेक्ट्रिक बसें

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन निगम डीजल बसों से इलेक्ट्रिक बसों की ओर अग्रसर है। बहुत शीघ्र परिवहन निगम की बसें और अनुबन्धित बसें जिनका संचालन परिवहन निगम कर रहा है, इलेक्ट्रिक बसों के रूप में दिखाई देंगी। इलेक्ट्रिक बसों में पर्यावरण प्रदूषण और शोर नहीं होता तथा गति सामान्य बसों की अपेक्षा अच्छी हो सकती है। इलेक्ट्रिक बसें एक बार चार्ज होने पर 300 किलोमीटर आसानी से चल सकती हैं।

  • नई इलेक्ट्रिक बस खरीदने पर सरकार देगी 20 लाख रुपए की सहायता

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए नई नीति के अंतर्गत इलेक्ट्रिक बस खरीदने वाले व्यक्ति को प्रदेश सरकार एक बस के लिए एक बार में 20 लाख रुपए तक की सहायता प्रदान करेगी। स्कूल, कॉलेज, परिवहन निगम में अनुबन्धित करने व सिटी बस सेवा के लिए बस खरीदने पर प्रदेश सरकार रूट उपलब्ध कराएगी। यदि परिवहन निगम और नगर विकास विभाग द्वारा बसों के लिए जगह-जगह चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाते हैं तो एक प्रदूषण मुक्त व्यवस्था आम नागरिकों को प्राप्त हो सकेगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही