मुख्यमंत्री ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा राव राम बख्श सिंह की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण किया

  • मुख्यमंत्री ने 804 करोड़ रु0 लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव जिले के ग्राम डौडियाखेड़ा में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा राव राम बख्श सिंह की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने 804 करोड़ रुपये लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने शिव मन्दिर में दर्शन-पूजन किया तथा बाबा त्रिलोकचन्द्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने अण्डर-19 भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी अर्चना देवी निषाद को आवास की चाभी सौंपी। साथ ही, बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार किया और बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति की पत्रिका का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज उन्नाव जिला विकास के नये पथ पर अग्रसर है। जनपद में निवेश की सम्भावनाएं बनी हैं। आज लोकार्पण व शिलान्यास की गयी परियोजनाएं सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाओं से सम्बन्धित हैं। सभी परियोजनाएं समय से पूरी की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि इस समय पितृपक्ष चल रहा है। यह अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का सर्वाेत्तम अवसर है। आजादी के अमृत काल के प्रथम वर्ष में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के सेनानी राजा राव राम बख्श सिंह की प्रतिमा का अनावरण का कार्य माँ चन्द्रिका देवी के आशीर्वाद एवं आजादी के नायकों की प्रेरणा से ही सम्भव हो पाया है। इसके लिए बैसवारा कल्याण समिति के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं। राजा राव राम बख्श सिंह ने बैसवारा में आजादी की अलख जगाने का कार्य किया था। जनपद उन्नाव की धरती तपस्वियों, शहीदों व साहित्यकारों की धरती है। काकोरी काण्ड के महानायक शहीद चन्द्रशेखर आजाद की धरती भी उन्नाव है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आजादी के शताब्दी वर्ष में हमारा देश दुनिया को नेतृत्व दे रहा होगा। हमारी सरकार विजन 2047 को साकार करने के लिए कार्य कर रही है। देशवासियों को प्रधानमंत्री के पंचप्रण के संकल्प को पूरा करते हुए आगे बढ़ना होगा, जिसमें विकसित भारत का सपना पूरा करने तथा गुलामी के अंश व प्रतीकों को समाप्त करने का लक्ष्य है। इस अवसर पर परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह, स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही