'नई भाजपा के शिल्पकार’ पुस्तक का विमोचन

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया 
  • प्रधानमंत्री, 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में श्रीरामलला को करेंगे विराजमान 

नागरिक सत्ता, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘नई भाजपा के शिल्पकार’ का विमोचन किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में पार्टी की क्या भूमिका होनी चाहिए और पार्टी एक संगठनात्मक ढांचे से अलग भी कुछ है, यह भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कौशल से जाना जा सकता है। विगत 9-10 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में हमारे सामने है। जिन मूल्यों और आदर्शों को ध्यान में रखकर संस्थापकों द्वारा भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की गयी थी, उनका संरक्षण करने के साथ ही, सरकार बनने के बाद उन मूल्यों का प्रभावी क्रियान्वयन पार्टी ने किया है।

बीजेपी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं हैः योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर राजनीतिज्ञों के बारे में अविश्वास होता है। यह तब होता है, जब कथनी और करनी में तथा आचार और विचार में समन्वय नहीं होता है। जब व्यक्ति बोलता कुछ और है और करता कुछ और है। जब सरकार बनने के पहले और सरकार बनने के बाद कार्यों में व्यापक अंतर देखने को मिलता है तो यह अविश्वास का प्रतीक बन जाता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज की भारतीय जनता पार्टी वही कहती है, जो कर रही है और वही कर रही है, जो कहती है। आज भारतीय जनता पार्टी जिस दौर में है, उसमें कथनी और करनी में तथा आचार व विचार में कोई भेद नहीं है।

  • लोकतंत्र जनता का जनता के लिए, जनता के द्वारा शासन है: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोकतांत्रिक व्यवस्था में रह रहे हैं। लोकतंत्र की सबसे सरल व सहज परिभाषा अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन ने दी थी। उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र जनता का जनता के लिए, जनता के द्वारा शासन है। प्रधानमंत्री ने स्टेच्यु ऑफ यूनिटी के निर्माण के लिए देश का आह्वान किया। वर्तमान भारत के शिल्पी के रूप में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा की स्थापना के लिए देश के हर गांव तथा हर परिवार से लौह संग्रह तथा पवित्र मिट्टी संग्रह करने का अभियान चलाया गया था। इस एकत्रित लोहे से सरदार वल्लभ भाई पटेल की दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा गुजरात में सरदार सरोवर के तट पर स्थापित की गयी है।

  • टेक्नोलॉजी को जनता के लिए कैसे प्रभावी बना सकते हैं यह प्रधानमंत्री जी ने करकेे दिखाया 

मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्नोलॉजी को पार्टी और जनता के लिए कैसे प्रभावी बना सकते हैं, यह उदाहरण प्रधानमंत्री ने कर के दिखाया। प्रधानमंत्री ने संगठन के विकास के लिए टेक्नोलॉजी के प्रभावी उपयोग के रूप में ऑनलाइन सदस्यता के अभियान को आगे बढ़ाया। आज भारतीय जनता पार्टी के 18 करोड़ सदस्य हैं। वहीं टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए देश में सभी गरीबों का जनधन खाता खोला गया। सदी की सबसे बड़ी महामारी के दौरान डीबीटी के माध्यम से गरीबों के खाते में धनराशि भेजी गयी। यह कार्य बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के हुआ। यह भ्रष्टाचार पर प्रहार का सबसे सशक्त माध्यम बना। देश में 4 करोड़ गरीबों के मकान तथा 10 करोड़ गरीबों के शौचालय बने। इनके लिए धनराशि सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजी गयी। 

  • BJP बेहतरीन संगठनात्मक ढांचे के साथ अपने मूल्यों और आदर्शों के लिए कार्य कर रही है

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नई बीजेपी का पूरे देश में विस्तार है। यह बेहतरीन संगठनात्मक ढांचे के साथ अपने मूल्यों और आदर्शों के लिए कार्य कर रही है। वर्ष 2014 के पहले अक्सर लोग राम मंदिर के बारे में प्रश्न पूछते थे, तब हम कहते थे कि मामला कोर्ट में है और उसी के आधार पर समाधान होगा। आज अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि समस्या का पूरी तरह समाधान हुआ है। प्रधानमंत्री जी ने सभी आशंकाओं और जनता की आशाओं, दोनों के समाधान का रास्ता दिया। उन्होंने स्वयं शिलान्यास भी किया और 22 जनवरी 2024 को स्वयं भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में श्रीरामलला को विराजमान भी करने जा रहे हैं।

  • संविधान के दायरे में रह कर श्रीराम जन्मभूमि के मुद्दे का समाधान प्रधानमंत्री ने करके दिखाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 तथा 2019 में प्रधानमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि के मुद्दे को चुनावी एजेण्डे का हिस्सा नहीं बनाया था, बस यही कहा था कि हम संविधान के दायरे में रहकर समस्या का समाधान करेंगे। श्रीराम जन्मभूमि के 500 वर्षों से चले आ रहे विवाद का संविधान के दायरे में सर्वसम्मति से समाधान हो सकता है, इसे प्रधानमंत्री ने कर के दिखाया है। सौहार्दपूर्ण तरीके से संवाद बनाकर बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान हो सकता है। यह लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। 

  • प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कश्मीर पर्यटन और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है

आज कश्मीर से धारा 370 समाप्त हुई। कश्मीर शांति और पर्यटन के दौर में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अब पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के लोग भी भारत का हिस्सा बनाये जाने की मांग कर रहे हैं। कश्मीर के विषय में एक लम्बी रेखा प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में नई सरकार और नई भाजपा के माध्यम से खींची गयी है। आजादी के तत्काल बाद जम्मू-कश्मीर तथा पूर्वात्तर के कई राज्यों में परमिट सिस्टम लागू कर दिया गया था। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को कश्मीर के लिए अपना बलिदान देना पड़ा था। उन्होंने उस समय ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ का नारा दिया था। आज जम्मू-कश्मीर से धारा-370 सदैव के लिए समाप्त हो गयी है। कश्मीर लोकतंत्र और विकास की नई धारा के साथ आगे बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है।

  • पहले जाति, मत, मजहब, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बनती थी योजनाएं 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने एक स्वस्थ प्रतिस्पर्द्धा के दौर को देखा है। शासन की योजनाएं बिना भेदभाव के लोगों तक पहुंचायी जा रही है। पहले यह देश जाति, मत, मजहब, क्षेत्र तथा भाषा से कभी उबर ही नहीं पाता था। पहले योजनाएं भी इन्हीं आधारों पर बनती थी। प्रधानमंत्री जी ने अपने पहले ही अभिभाषण में कहा कि हमारी सरकार जाति, मत, मजहब, क्षेत्र व भाषा के आधार पर कार्य नहीं करेगी, बल्कि हमारा एक ही नारा होगा-‘सबका साथ, सबका विकास’। आज योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के सभी को प्राप्त हो रहा है।

इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, कृषि मंत्री तथा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, मत्स्य मंत्री डॉ संजय निषाद, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ सहित प्रदेश मंत्रिमण्डल के सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि, ‘नई भाजपा के शिल्पकार’ पुस्तक के लेखक अजय सिंह, अनुवादक सुनील त्रिवेदी, प्रभात प्रकाशन के प्रभात कुमार सहित साहित्यकार, पत्रकार व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही