देश व दुनिया में प्रदेश के बारे में एक सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआः मुख्यमंत्री

  • मुख्यमंत्री ने विधान मण्डल सत्र से पूर्व मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित किया

नागरिक सत्ता, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान मण्डल सत्र से पूर्व मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा के सकुशल सम्पन्न होने की बधाई देते हुए कहा कि विधान मण्डल सत्र का शुभारम्भ महामहिम राज्यपाल के अभिभाषण से होगा। अभिभाषण सरकार की उपलब्धियों और भावी कार्य योजनाओं का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है। इस सत्र में वर्ष 2024-25 का बजट सदन में प्रस्तुत होगा। इस दौरान वर्ष भर के आय-व्यय को लेकर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ने सदन की कार्यवाही को सुचारू तथा नियम संगत तरीके से आगे बढ़ाने के लिए सदस्यों का आह्वान किया।

  • सदन लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तम्भ के रूप में सकारात्मक चर्चा के लिए जाना जा रहा है

उन्होंने कहा कि सत्र प्रारम्भ होने से पूर्व दलीय नेताओं से सम्बन्धित बैठक तथा इसके पूर्व बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक सम्पन्न होकर, तय कार्य योजनाओं के अनुसार सरकार ने अपनी पूरी तैयारी की है। सदन 25 करोड़ जनता जनार्दन की आशाओं, आकांक्षाओं व अपेक्षाओं का केंद्र तथा जनता के उल्लास व विषाद से जुड़ी घटनाओं का साक्षी है। विगत 06 वर्षों से सदन लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तम्भ के रूप में सकारात्मक चर्चा के लिए जाना जा रहा है। सदन का प्रत्येक सदस्य सकारात्मक तथा विकास से जुड़े हुए मुद्दों पर अपनी बात को सदन में रखने के लिए उत्सुक दिखाई देता है।

  • भावनाएं दलीय सीमाओं से अलग हटकर प्रदेश के विकास की ओर होनी चाहिए

मुख्यमंत्री ने सदन के प्रतिपक्षी सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि सदस्यों की भावनाएं दलीय सीमाओं से अलग हटकर प्रदेश के विकास की ओर उन्मुख होनी चाहिए। सदन को सकारात्मक चर्चा का केंद्र बनाने की आवश्यकता है। इस दृष्टि से यह सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। महामहिम राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी तथा उसका जवाब सरकार की ओर से दिया जाएगा। बजट पर चर्चा होगी। सदस्यों को महत्वपूर्ण मुद्दों तथा अनुदान मांगों पर अपने विचार रखने का अवसर प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त, सदस्यों को विधानसभा क्षेत्र तथा विकास से जुड़ी हुई महत्वपूर्ण बातों को सदन के समक्ष रखने का अवसर भी मिलेगा। लोकतंत्र के मूल्यों और आदर्शों के अनुरूप सत्र की कार्यवाही को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सदन के सदस्यों के सकारात्मक योगदान की आवश्यकता है।

  • सदन को सकारात्मक चर्चा का केंद्र बनाने में दें अपना योगदान 

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश व दुनिया में प्रदेश के बारे में एक सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है। विरोधी दल भी इस सकारात्मक माहौल का लाभ लेकर सदन को सकारात्मक चर्चा का केंद्र बनाने में अपना योगदान दें। कल सम्पन्न सर्वदलीय नेताओं की बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा आश्वस्त किया गया है, कि  सरकार सदन की कार्यवाही का हिस्सा बनने वाले प्रत्येक मुद्दे पर चर्चा तथा तथ्य परख जानकारी सदन के समक्ष रखने व सदस्यों को अवगत कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

  • श्री रामलला स्वयं के भव्य मंदिर में विराजमान हुए, सदन के सदस्य भी उठाएं लाभ 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में 22 जनवरी, 2024 को अयोध्या में 500 वर्षों की प्रतीक्षा के पश्चात प्रभु श्री रामलला स्वयं के भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु अयोध्याधाम पधार कर सकुशल प्रभु श्री रामलला का दर्शन कर रहे हैं। सदन के सदस्य भी इस अवसर का लाभ उठाएं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही