सुरेश खन्ना ने पेश किया 736437.71 करोड़ का बजट

  • वित्त मंत्री बोले ‘हौसले दिल में जब मचलते हैं तो आंधियों में जलते हैं चिराग‘

नागरिक सत्त ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा में सोमवार को योगी सरकार के वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राज्य का वर्ष 2024-25 का अबतक का सबसे बड़ा 07 लाख 36 हजार 437 करोड़ 71 लाख का बजट पेश किया। वित मंत्री के रूप में श्री खन्ना ने आज अपना पाचवां बजट प्रस्तुत किया। बजट में 24 हजार 863 करोड 57 लाख की नई योजनाओं को सम्मिलित किया गया है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने बजट भाषण की शुरुआत रामायण के चौपाई से की। उन्होंने कहा यदि हम किसी समाज-संस्कृति में उच्चतम आदर्शों की कल्पना करें तो रामराज्य की संकल्पना के बाहर नहीं जाया जा सकता है। 

सीएम योगी ने कहा कि बजट प्रभु श्रीराम को समर्पित है

  • उप्र का शासन रामराज्य की अवधारणा से अनुप्रेरित

वित्त मंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा, मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम का जीवन हजारों वर्षों से भारत और विश्व को महत्तर जीवन आदर्शों की ओर अग्रसर होने को प्रेरित करता रहा है। पिता के वचन का मान रखने के लिये समस्त राजसी वैभव को निःसंकोच त्याग कर वनवास के लिये प्रस्थान करना और दुष्टों और अधर्मियों का दृढ़तापूर्वक दलन करना ऐसे राजधर्म का अनुपम उदाहरण कहीं और नहीं मिलता। यदि यह कहा जाये कि आज हमारे प्रदेश का शासन कहीं न कहीं रामराज्य की अवधारणा से अनुप्रेरित है और सामाजिक-सांस्कृतिक,आर्थिक एवं आध्यात्मिक उन्नति की ओर अग्रसर है तो यह अतिशयोक्ति नहीं होगी। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम जी के भव्य मन्दिर का अयोध्या में निर्माण होने से हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र को बहुत प्रोत्साहन मिला है।

  • वर्ष 2024.25 का बजट श्रीराम को समर्पित है

वित्त मंत्री ने अपना बजट स्पीच देते हुए कहा कि मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम का जीवन हजारों वर्षों से भारत और विश्व को बेहत्तर जीवन आदर्शों की ओर अग्रसर होने को प्रेरित करता रहा है। प्रस्तुत बजट में अयोध्या के सर्वागीण विकास के लिए 100 करोड का प्राविधान किया गया है। वित्तमंत्री ने कहा कि अयोध्या में रामजन्मभूमि मंदिर के दृष्टिगत पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संख्या में सम्भावित वृद्धि को देखते हुए 3 लिंक मार्गों का चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। 

वित्तमंत्री श्री खन्ना ने कहा कि वर्ष 2025 में प्रयागराज महांकुम्भ मेले के लिए 2500 करोड़ का प्राविधान किया गया है। वित्तमंत्री ने कानून व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि अप्रैल 2017 से जनवरी 2024 तक पुलिस विभाग में 1 लाख 55 हजार 830 भर्तियां तथा 1 लाख 41 हजार 66 पदोन्नतियां की गयी हैं इसके अलावा बलरामपुर जालौन मिर्जापुर शामली तथा बिजनौर में पांच पीएसी बटालियन स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहाकि प्रदेश में कई बड़े आयोजनों को सफलता पूर्वक संपन्न कराया गया है। उन्होंने आगे कहा विभिन्न त्योहार एवं यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट- 2023, आजादी का अमृत महोत्सव, जी-20 सम्मेलन, क्रिकेट विश्व कप-2023 जैसे वृहद आयोजनों को शान्तिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराया गया। उन्होंने साइबर क्राइम अपराधों पर अकुंश लगाने की गरज से सभी 75 जनपदों में साइबर क्राइम थानों की स्थापना की गयी है। 

  • महिला सशक्तिकरण 

वित्तमंत्री ने कहा कि महिला किसानों को सशक्त बनाने के लिए 200 उत्पादक समूहों का गठन किया जायेगा। प्रदेश में निराश्रित महिला पेंशन योजनान्तर्गत पात्र लाभार्थियों को देय पेंशन की धनराशि 500 रूपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 1000 रूपये प्रतिमाह कर दी गयी है। इस योजना में 2023-2024 में तृतीय तिमाही तक 31 लाख 28 हजार निराश्रित महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अन्तर्गत पात्र बालिकाओं को छह विभिन्न श्रेणियों में कुल 15 हजार रूपये की सहायता प्रदान की जा रही है जिसे बढ़ाकर 25 हजार रूपया कर दिया गया ह।

  • विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा उत्तर प्रदेश

वित्तमंत्री ने कहा कि विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने में उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य में विकसित हो रही वायु, जल, सड़क एवं रेल नेटवर्क की कनेक्टिविटी से राज्य के उद्योगों में मैन्युफैक्चरिंग इकाईयों को माल परिवहन में सुविधा उपलब्ध होगी। इससे प्रदेश से निर्यात को बढ़ेगा मिलेगा।

  • पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के साथ उत्तर प्रदेश एकमात्र राज्य 

वित्त मंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि अन्तर-राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लोकार्पण से प्रदेश में चार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित हैं। शीघ्र ही नोएडा के जेवर में दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रारंभ होने वाला है। साथ ही उत्तर प्रदेश पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला भारत का एकमात्र राज्य बन जाएगा। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैकिंग एवं विभिन्न राज्यों में लॉजिस्टिक्स की सुलभता (लीड्स-2023) रैंकिंग में उत्तर प्रदेश ने ‘अचीवर्स’ की श्रेणी प्राप्त की है। 

  • महिला किसान सशक्तिकरण

महिला किसान सशक्तिकरण परियोजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2024-2025 में 200 उत्पादक समूहों का गठन करके तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाना लक्षित है। सुरेश खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के अन्तर्गत जघन्य अपराधों से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को कोष के अन्तर्गत 1 लाख रूपये से 10 लाख रूपये की आर्थिक क्षतिपूर्ति प्रदान किये जाने की व्यवस्था है। 

  • लखनऊ में दिल्ली की तर्ज पर विकसित होगा एयरो सिटी 

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि लखनऊ में दिल्ली की तर्ज पर एयरो सिटी विकसित किये जाने की योजना है, जो लगभग 1500 एकड़ में विकसित की जाएगी। इसमें सात सितारा होटल, पार्क, विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रदेश सरकार द्वारा हीरो फ्यूचर एनर्जीज के साथ चार हजार करोड़ रूपये के निवेश का एमओयू हस्ताक्षरित किया गया है, जिसके अंतर्गत संस्था द्वारा प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा एवं क्लीन टेक्नोलॉजी परियोजना में निवेश किया जाएगा। 

  • सामाजिक सुरक्षा

वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लगभग 55 लाख वरिष्ठ नागरिकों को एक हजार रुपये प्रतिमाह की दर से वृद्धावस्था पेंशन प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-2023 में 100874 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराते हुये 510 करोड़ रुपये का व्यय किया गया। सभी वर्गों की पुत्रियों की शादी के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत एक जोडे़ के विवाह पर 51 हजार रुपये अनुदान की व्यवस्था है। 

  • श्रमिक कल्याण

भारत सरकार द्वारा निर्मित ‘ई-श्रम’ पोर्टल पर उत्तर प्रदेश के लगभग 8.32 करोड़ कामगारों का पंजीकरण हुआ है। 26 अगस्त, 2021 से 31 अक्टूबर, 2021 तक ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत 80.11 लाख श्रमिकों को भरण पोषण भत्ता के अन्तर्गत दो हजार रुपये की दर से लगभग 1600 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। निर्माण कामगार मृत्यु, विकलांगता सहायता एवं अक्षमता पेंशन योजना और निर्माण कामगार अन्त्येष्टि सहायता योजना को एकीकृत करते हुये नयी योजना ‘निर्माण कामगार मृत्यु व दिव्यांगता सहायता योजना’ कर दिया गया है। समस्त योजनाओं में माह नवम्बर 2023 तक 40,183 कामगारों को लाभान्वित किया गया है। 433 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की गई। निर्माण कामगार गम्भीर बीमारी सहायता योजना के अन्तर्गत गम्भीर बीमारियों का इलाज सरकारी अस्पतालों में कराने पर इलाज के व्यय की शत प्रतिशत प्रतिपूर्ति करायी जा रही है।

  • रामराज्य की संकल्पना को साकार करने में सफल रही योगी सरकारः सुरेश खन्ना

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि योगी सरकार प्रदेशवासियों को अपराध और भयमुक्त वातावरण देकर रामराज्य की संकल्पना को साकार करने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि समारोह में किये गये प्रबन्धों की सराहना देश-दुनिया से आये अतिथियों ने भी की है। उन्होंने आगे कहा इसके अलावा भी विभिन्न त्योहार एवं यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023, आजादी का अमृत महोत्सव, जी-20 सम्मेलन, क्रिकेट विश्व कप-2023 जैसे वृहद आयोजनों को शान्तिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराया गया।

  • उप्र में अपराधों में आयी कमी

वित्तमंत्री ने बताया कि वर्ष 2016 के मुकाबले वर्ष 2023 में डकैती के मामलों में 87 प्रतिशत, लूट में 76 प्रतिशत, हत्या में 43 प्रतिशत, बलवा में 65 प्रतिशत, फिरौती के लिए अपहरण में 73 प्रतिशत की कमी हुई है।

  • एंटी रोमियों का गठन

महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके सशक्तीकरण के लिए 1,699 एण्टी रोमियों स्क्वॉयड का गठन कर अनवरत अभियान चलाया जा रहा है। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए सेफ सिटी परियोजना में महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, इंटीग्रेशन, डार्क स्पॉट्स का चिन्हीकरण एवं लाइट्स लगाना, हॉट प्वाइण्ट्स को चिन्हित करने, पिंक बूथों की स्थापना, बस एवं टैक्सियों में पैनिक बटन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। 

  • 75 जनपदों में साइबर क्राइम थाना संचालित

सुरेश खन्ना ने कहा कि साइबर अपराध पर लगाम लगाने और साइबर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए सभी थानों में साइबर क्राइम सेल गठित किया गया है। वर्तमान में सभी 75 जनपदों में साइबर क्राइम थाना संचालित है।

  • पुलिस विभाग में की गई भर्तियां

योगी सरकार ने अप्रैल 2017 से जनवरी 2024 तक पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर 1,55,830 भर्तियां एवं 1,41,866 पदोन्नतियां की गयी है। तीन महिला पीएसी बटालियन जनपद लखनऊ, गोरखपुर एवं बदायूं में स्थापित हैं। जनपद बलरामपुर, जालौन, मिर्जापुर, शामली तथा बिजनौर में पांच अन्य पीएसी बटालियन स्थापित किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। उत्तर प्रदेश स्पेशल सेक्योरिटी फोर्स की छह वाहिनियां गठित की गयी है।

  • होमगार्ड्स को 30 लाख रुपये की बीमा सुविधा 

वित्तमंत्री ने कहा कि होमगार्ड स्वयंसेवकों की मृत्यु की दशा में उनके आश्रितों को उत्तर प्रदेश सरकार 05 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देती है। अब दुर्घटना बीमा योजनान्तर्गत, होमगार्ड्स को 30 लाख रुपये की बीमा सुविधा प्रदान की गयी है।

  • प्रदेश में 124 ग्रामीण स्टेडियम का हुआ निर्माण

वित्त मंत्री ने बजट पेश करते हुए कहा कि प्रदेश के 117 विकास खण्डों में 124 ग्रामीण स्टेडियम व मल्टीपरपज हॉल का निर्माण किया गया है। प्रदेश की ग्राम पंचायतों में 53,800 युवक मंगल दल एवं 51,300 महिला मंगल दलों का गठन किया जा चुका है। इन दलों के माध्यम से युवाओं की सहभागिता राष्ट्रीय एवं सामाजिक महत्व के कार्यों में सुनिश्चित कराई गई है। विएमएसएमई सेक्टर में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत अब तक 22 लाख 389 लाभार्थियों को लाभान्वित करते हुये 1,79,112 रोजगार सृजित किये गये। वित्त मंत्री ने बताया कि एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना के अन्तर्गत 13,597 लाभार्थियों के माध्यम से 1,92,193 रोजगार सृजित हुये हैं। 

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अन्तर्गत 12.15 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया गया जिनमें से 4.13 लाख युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कम्पनियों में सेवायोजित कराया गया। महात्मा गांधी नरेगा योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-2024 में 28 करोड़ 68 लाख मानव दिवस सृजित कराते हुये 75 लाख 24 हजार श्रमिकों को रोजगार प्रदान किया गया। वित्तमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजनान्तर्गत वर्ष 2023-2024 में माह अक्टूबर, 2023 तक 408 लाभार्थियों को 1854.88 लाख पूंजीगत निवेश ऋण के साथ 7418 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया।

  • खेती-किसानी की राह हुई आसान, बुढ़ापे का भी सहारा बनी सरकार

डार्क जोन में नए निजी नलकूप कनेक्शन देने पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया गया है। इससे एक लाख किसानों को सीधा फायदा हुआ। बुंदेलखंड क्षेत्र में एकल रबी फसल की सिंचाई के लिए सीजनल टैरिफ का लाभ एवं अस्थाई विद्युत संयोजन की सुविधा प्रदान की गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत 2022-2023 के लगभग 10 लाख बीमित कृषकों को माह अक्टूबर, 2023 तक 831 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति का भुगतान किया गया। 

  • 60 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर पुरूष एवं महिला किसानों को 3000 मासिक पेंशन 

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत दिसम्बर, 2023 तक लगभग 63,000 करोड़ रूपये की धनराशि 2 करोड़ 62 लाख कृषकों के खातों में हस्तान्तरित की गई। प्रधानमंत्री किसान मान-धन योजना के अन्तर्गत प्रदेश के लघु एवं सीमांत कृषकों को 60 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर पुरूष एवं महिला दोनों के लिए 3000 रुपये मासिक पेंशन प्रदान की जा रही है। वर्ष 2017 से 29 जनवरी 2024 तक लगभग 46 लाख गन्ना किसानों को 2 लाख 33 हजार 793 करोड़ रुपये से अधिक का रिकार्ड गन्ना मूल्य भुगतान कराया गया। पेराई सत्र 2023-2024 के लिए गन्ने की अगैती प्रजाति का मूल्य 350 से बढ़ाकर 370 रुपये, सामान्य प्रजाति का 340 से बढ़ाकर 360 रुपये तथा अनुपयुक्त प्रजाति का मूल्य 335 से बढ़ाकर 355 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है।

  • उप्र आर्थिक-सामाजिक विकास के हर क्षेत्र में नई ऊचाईयों को छू रहा

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश आर्थिक-सामाजिक विकास के हर क्षेत्र में नई ऊचाईयों को प्राप्त कर रहा है। हमने इस नैरेटिव को सिरे से खारिज कर दिया कि उत्तर प्रदेश एक बीमारू प्रदेश है। हमने प्रदेश की जनता में, प्रदेश की मेधा में अपार सम्भावनाओं को देखा और बड़े आत्मविश्वास के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकासगाथा की रचना की है।

  • योगी सरकार छह करोड़ व्यक्तियों को गरीबी से बाहर निकालने में सफल रही

वित्त मंत्री ने कहा कि जैसा मैंने प्रारम्भ में कहा है, हमारी नीतियां विशेष रुप से युवा, महिला, किसान व गरीबों के उत्थान को समर्पित हैं। हमारी सरकार अब तक लगभग छह करोड़ व्यक्तियों को गरीबी से बाहर निकालने में सफल रही है। आज प्रदेश में बेरोजगारी की दर केवल 2.4 प्रतिशत रह गई है। प्रदेश सरकार द्वारा सेमी कंडक्टर नीति को मंजूरी दी गई है। यह नीति प्रदेश में सेमी कंडक्टर इकाईयों की स्थापना एवं विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी, जिससे देश-विदेश से प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश प्राप्त होगा। ऐसी नीति लाने वाला उत्तर प्रदेश देश का चौथा राज्य बन गया है।

  • राज्य के लोगों के लिए समृद्धि लाएगा ये बजट: सुरेश खन्ना

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्ष 2024-25 योगी सरकार का बजट राज्य के लोगों के लिए समृद्धि लाएगा है। यह विकास को गति देगा और वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आगे बढ़ेगा। हम चुनाव के लिए हमेशा तैयार हैं।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही