मोदी जी की गारण्टी शत-प्रतिशत कार्यान्वित होने वाली गारण्टी: मुख्यमंत्री

  • मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अन्तर्गत मोदी गारण्टी वैन का शुभारम्भ किया
  • मुख्यमंत्री ने योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, आवास की प्रतीकात्मक चाभी, गोल्डेन कार्ड प्रदान किया 


नागरिक सत्ता, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद आजमगढ़ के ग्राम अकबेलपुर में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अन्तर्गत मोदी गारण्टी वैन का फीता काटकर शुभारम्भ कर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र, आवास की प्रतीकात्मक चाभी, गोल्डेन कार्ड प्रदान किया। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री से अपना अनुभव साझा किया। उपस्थित लोगों को मुख्यमंत्री के समक्ष आत्मनिर्भर भारत निर्माण की शपथ दिलाई गई तथा विकसित भारत संकल्प यात्रा से सम्बन्धित राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश प्रदर्शित किये गये। 

मुख्यमंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के अन्तर्गत विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से सम्बन्धित स्टाॅलों का निरीक्षण किया। सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह के रूप में श्रीराम दरबार भेंट किया। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में विगत साढ़े 9 वर्षों में जो परिवर्तन हुए हैं, उनका अनुभव प्रत्येक व्यक्ति करता है। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। देश में विकास की बड़ी-बड़ी योजनाएं प्रारम्भ हुई हैं। गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ ‘सबका साथ, सबका विकास’ के भाव के साथ बिना भेदभाव गांव, गरीब, किसान, युवाओं, महिलाओं और समाज के प्रत्येक तबके तक पहुंच रहा है। योजनाओं का लाभार्थियों को शत-प्रतिशत सैचुरेशन के साथ लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस दृष्टि से विकसित भारत संकल्प यात्रा गांव-गांव तक जा रही है। इसके लिए प्रदेश के जनपदों में 536 वीडियो वैन चल रही हैं। सरकारी योजनाओं के स्टाॅल्स तथा स्वास्थ्य मेले लगाये जा रहे हैं। लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए फाॅर्म भी भराये जा रहे हैं। डबल इंजन की सरकार जरूरतमंदों के हितों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। परिवर्तन का परिणाम है कि प्रदेश में निवेशक लाखों करोड़ों रुपए के प्रस्ताव लेकर आ रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में चार करोड़ गरीब परिवारों को आवास दिये गये हैं। इनमें से 55 लाख आवास केवल उत्तर प्रदेश में उपलब्ध कराए गए हैं। पहले यह कल्पना थी, लेकिन आज यह वास्तविक धरातल पर उतरता हुआ दिखाई दे रहा है। देश में आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्राप्त हो रहा है। प्रदेश में 10 करोड़ लोगों को इस योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है। देश में 80 करोड़ लोगों को पिछले साढ़े तीन वर्षों से निःशुल्क राशन की सुविधा प्राप्त हो रही है। यह निःशुल्क राशन की सुविधा अगले 05 वर्षों तक प्रत्येक गरीब परिवार को प्राप्त होगी। इसकी गारण्टी प्रधानमंत्री की गारण्टी के माध्यम से प्राप्त हो चुकी है। यहां आजमगढ़ की पाॅटरी और निजामपुर की साड़ियों के स्टाॅल लगे हुए हैं। अलग-अलग विभागों द्वारा आजमगढ़ में अनेक कार्यक्रम लागू किए गए हैं। इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को प्राप्त हो रहा है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही