राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज यूपी इण्टरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन किया

  • यूपी की इकोनॉमिक ग्रोथ की यह उपलब्धि सराहनीय है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

लखनऊ। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज ग्रेटर नोएडा जनपद गौतमबुद्धनगर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में 21 से 25 सितम्बर तक चलने वाले यूपी इण्टरनेशनल ट्रेड शो के प्रथम संस्करण का शुभारम्भ किया। यूपी इण्टरनेशनल ट्रेड शो ग्रेटर नोएडा के इण्डिया एक्स्पो मार्ट में आयोजित किया जा रहा है।

राष्ट्रपति ने यूपी इण्टरनेशनल ट्रेड शो के शुभारम्भ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन अत्यन्त सराहनीय है। उत्तर प्रदेश के विकास को निरन्तर ऊर्जा तथा दिशा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के निर्माताओं एवं उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय बाजार तथा अपनी पहुँच और पकड़ बनाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उत्तर प्रदेश ने पिछले 6-7 वर्षों में देश के आर्थिक विकास को अपना विशिष्ट योगदान दिया है। राज्य की जीडीपी जो वर्ष 2016-17 में लगभग 13 लाख करोड़ रुपये थी, वह वर्ष 2022-23 में करीब 22 लाख करोड़ रुपये अनुमानित है। इकोनॉमिक ग्रोथ की यह उपलब्धि निस्संदेह सराहनीय है।

  • 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों के साथ उत्तर प्रदेश अन्य राज्यों में नम्बर एक है: राष्ट्रपति 

राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एमएसएमई के लिए अच्छा ईको-सिस्टम विकसित किया जा रहा है। 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों के साथ उत्तर प्रदेश सभी राज्यों में पहले नम्बर पर है। लैण्ड लॉक्ड स्टेट होने के बावजूद प्रदेश का निर्यात निरन्तर बढ़ रहा है। राज्य का निर्यात वर्ष 2017-18 में लगभग 88,000 करोड़ रुपए से बढ़कर वर्ष 2022-23 में लगभग 1,75,000 करोड़ रुपए तक पहुँच गया है। यह प्रदेश के उद्यमियों की मेहनत तथा योग्यता का परिणाम है।

राष्ट्रपति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विभिन्न देशों के दूतावासों के प्रतिनिधि भी यूपी इण्टरनेशनल ट्रेड शो में उपस्थित हैं, जिनके माध्यम से यहां के उत्पादों की वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाने का रास्ता सुगम हो सकेगा। विश्व के विभिन्न हिस्सों से 66 देशों के 400 से अधिक बायर्स भी इस ट्रेड शो में भाग ले रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश का यह इण्टरनेशनल ट्रेड शो, जी-20 के लक्ष्यों के अनुरूप हमारी राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएगा।

  • इण्टरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन के लिए राष्ट्रपति का आगमन एमएसएमई उद्योगों को एक नई प्रेरणा और उर्जा प्रदान करेगा: मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करते हुए कहा कि देश को उनका नेतृत्व और मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। राष्ट्रपति ने एक सामान्य परिवार से अपनी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए समाज के अन्तिम पायदान पर बैठे हुए व्यक्ति की पीड़ा को देखा और महसूस किया है। इस पीड़ा के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार विगत 6 वर्षों में अपने परम्परागत कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक कार्यक्रमों के साथ में आगे बढ़ी है। उन कार्यक्रमों की एक झलक इस इण्टरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से यहां पर आए हुए देश और दुनिया के बायर्स देख पाएंगे। उत्तर प्रदेश के पहले इण्टरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन के लिए राष्ट्रपतिजी का आगमन प्रदेश के 96 लाख से अधिक एमएसएमई उद्योगों को एक नई प्रेरणा और प्रकाश प्रदान करेगा।

  • यूपी की सांस्कृतिक समृद्धि और समृद्ध आध्यात्मिक परम्परा को जानने का अवसर है: मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री ने सभी एक्जीबिटर्स तथा बायर्स का स्वागत करते हुए कहा कि इस आयोजन की सफलता सभी की उपस्थिति के रूप में प्रदर्शित हो रही है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश को जानने तथा उसकी क्षमता को नजदीक से महसूस करने, यहां की सांस्कृतिक समृद्धि और समृद्ध आध्यात्मिक परम्परा को जानने का भी एक अवसर सभी को प्राप्त होगा। यह उत्तर प्रदेश का पहला इण्टरनेशनल ट्रेड शो है। प्रधानमंत्रीजी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से उत्तर प्रदेश ने विगत 6 वर्षों में बीमारू राज्य से देश की अर्थव्यवस्था के एक समृद्ध राज्य की ओर कदम बढ़ाया है। इण्टरनेशनल ट्रेड शो इस समृद्धि को शोकेस करने का एक अवसर है।

  • परम्परागत हस्तशिल्पियों तथा कारीगरों को सम्मानित करने का एक अभियान है: मुख्यमंत्री योगी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पोटेंशियल को आगे बढ़ाने के लिए विगत 6 वर्षों में अनेक अभियान राज्य में प्रारम्भ किए गए हैं। इनमें अपने परम्परागत उद्यमों को आगे बढ़ाने के लिए ‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना’ भी शामिल है। प्रदेश के सभी 75 जनपदों का एक-एक यूनिक प्रोडक्ट है। प्रधानमंत्रीजी ने परम्परागत हस्तशिल्पियों और कारीगरों को प्रोत्साहित करने के लिए विगत 17 सितम्बर को ‘पीएम विश्वकर्मा योजना’ का शुभारम्भ किया है। उन्हीं की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश पहले ही इस सम्बन्ध में अपने कार्यक्रम को आगे बढ़ा चुका था। आज यह अपने परम्परागत हस्तशिल्पियों तथा कारीगरों को सम्मानित करने का एक अभियान है।

  • इण्टरनेशनल ट्रेड शो में 70 देशों की प्रतिभागिता नये उत्तर प्रदेश को प्रस्तुत कर रही है : मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री ने कहा कि परम्परागत उद्यमियों को सम्मानित करने का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 54 जीआई प्रोडक्ट मौजूद हैं, जिनके 108 एक्जीबिटर्स इण्टरनेशनल ट्रेड शो में उपस्थित होकर अपनी कुशलता और कौशल का परिचय दे रहे हैं। इस इण्टरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां बहुत कम समय में की गई, लेकिन इसमें बिजनेस टू बिजनेस बायर्स के कुल रजिस्ट्रेशन की संख्या 70,000 से अधिक है। 2,000 से अधिक एक्सिबिटर्स इस ट्रेड शो में प्रतिभाग कर रहे हैं। इस इण्टरनेशनल ट्रेड शो में लगभग 70 देशों की प्रतिभागिता नये भारत के नये उत्तर प्रदेश को प्रस्तुत कर रही है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही