छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के 38वें दीक्षान्त समारोह की राज्यपाल ने की अध्यक्षता

  • राज्यपाल ने सीएसजेएम युनिवर्सिटी कानपुर के दीक्षांत समारोह में 209171 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की                                                                               

लखनऊ। राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने आज छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के 38वें दीक्षान्त समारोह की अध्यक्षता करते हुए 101947 छात्रों तथा 107224 छात्राओं को उपाधि प्रदान की। शोध कार्यों पर 11 छात्राओं तथा 12 छात्रों ने शोध उपाधि प्राप्त की। राज्यपाल ने मेधावी विद्यार्थियों को 2 कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 2 कुलाधिपति रजत पदक तथा 29 कुलाधिपति कांस्य पदक, 12 कुलपति स्वर्ण पदक तथा 53 दानदाता स्वर्ण पदक प्रदान किया।

समारोह में पद्मश्री प्रो मणीन्द्र अग्रवाल तथा हनी बी नेटवर्क के संस्थापक पद्मश्री प्रो अनिल गुप्ता को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त चंद्रयान-3 की सफलता में सहयोग देने वाले विश्वविद्यालय के 4 पूर्व छात्रों को भी सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने दीक्षान्त समारोह में प्रदान की गईं सभी 209171 उपाधियों एवं अंकतालिकाओं को ऑनलाइन माध्यम से बटन दबाकर डिजीलॉकर में भी अपलोड करने की प्रक्रिया संपन्न की। उन्होंने समारोह में चंद्रयान -3 तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर आधारित पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के समक्ष दीक्षान्त समारोह में नेपाल संस्कृत विश्वविद्यालय बेलझुण्डी दाड नेपाल से तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर और छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के मध्य शैक्षणिक आदान-प्रदान के लिए दो समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किये गए। राज्यपाल ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एथेलेटिक्स, बॉक्सिंग तथा कराटे में मेडल प्राप्त करने वाले 03 छात्र छात्राओं को खेल प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। राज्यपाल ने समारोह में प्राथमिक विद्यालय तथा राजकीय विद्यालय से आए बच्चों को पठन-पाठन एवं पोषण सामग्री प्रदान की। उन्होंने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला क्षय रोग अधिकारी को टीबी ग्रस्त मरीजों के लिए पोषण पोटली प्रदान की।

समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वविद्यालय में शिक्षा प्राप्त महान विभूतियों का स्मरण करते हुए औद्योगिक नगरी कानपुर में भारतीय ज्ञान परम्परा के महान गुरु गणेश शंकर विद्यार्थी के योगदान का उल्लेख किया। वर्तमान परिदृश्य में शिक्षा की बदलती चुनौतियों की चर्चा करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की उपयोगिता को महत्वपूर्ण बताया और कहा इस शिक्षा नीति में विद्यार्थियों के लिए क्षमतासंवर्धन की व्यवस्था उनके लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ा रही है।

विश्वविद्यालय की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने पिछले कुछ वर्षों में कौशल वृद्धि, नवाचार, उद्यमिता विकास, शिक्षण में गुणवत्ता वृद्धि के लिए विविध उपादानों का विकास, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक एमओयू करके शैक्षणिक दायरे का विस्तार जैसे विविध कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा क्षमता विस्तार से अब यहां के विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर भी अधिक प्राप्त रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 -23 में यहां के कुल 1225 विद्यार्थियों का प्लेसमेंट हुआ है। इसी क्रम में उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा किये गए सामाजिक कार्यों, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले कार्यों की सराहना की।

राज्यपाल ने भारत के वैज्ञानिकों की प्रेरक सफलताओं, विश्व में भारतीय नेतृत्व की बढ़ती साझेदारी, महिला सशक्तिकरण जैसे समसामायिक विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वरोजगार के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने को कहा और आगामी 2 अक्टूबर के उपलक्ष्य में 1 अक्टूबर २०२३ को आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल होकर राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती पर श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु प्रेरित किया। समारोह में मुख्य अतिथि एवं पूर्व प्राध्यापक इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट अहमदाबाद तथा हनी बी नेटवर्क के संस्थापक पद्मश्री प्रो अनिल कुमार गुप्ता ने अपने अनुभवों को विद्यार्थियों से साझा करते हुए उनको भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विशिष्ट अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने विश्व में शिक्षा के बदलते परिदृश्य पर चर्चा की। उन्होंने पदक और उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनसे भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था में योगदान देकर विश्व में देश की छवि मजबूत करने को कहा। राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने सभी उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को आगामी जीवन की शुभकामनाएं दीं। कुलपति प्रो विनय पाठक ने समारोह में विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। इस अवसर पर समारोह में अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ सुधीर महादेव बोबडे, विशेष कार्याधिकारी शिक्षा राज्यपाल, कार्य परिषद एवं विद्या परिषद के सदस्य, अधिकारी एवं शिक्षक गण तथा विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।  


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही