खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स लोगों की बदली धारणा और नये विश्वास का प्रतीक हैः योगी आदित्यनाथ

  • खेल और खेलकूद की गतिविधियों से व्यक्ति न केवल स्वस्थ रह सकता है बल्कि समाज तथा अपने राष्ट्र को भी सशक्त कर सकता हैः योगी आदित्यनाथ
  • प्रधानमंत्री के विजन को जमीनी धरातल पर प्रभावी रूप से उतारने के लिए राज्य सरकार ने अनेक कार्यक्रम शुरू किया हैः मुख्यमंत्री

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आज केन्द्रीय युवा मामले तथा खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के साथ ‘खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022’ के ‘लोगो’, एंथम, जर्सी, मैस्कॉट तथा मशाल को लॉन्च किया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति मंे मंच पर ‘खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022’ की मशाल को प्रज्ज्वलित किया गया। मुख्यमंत्री तथा केन्द्रीय युवा मामले तथा खेल मंत्री ने मशाल रिले को झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह मशाल रिले प्रदेश के सभी जनपदों में भ्रमण करेंगी।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि विगत 09 वर्षों में सभी ने भारत को प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए तथा देश के बारे में दुनिया की धारणा को बदलते हुए देखा है। भारत के प्रत्येक नागरिक के मन में नया विश्वास उत्पन्न हुआ है। खेलों के प्रति लोगों की धारणा बदली है। परिवार के सदस्य बच्चों को खेल के लिए प्रोत्साहित करते हैं। खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स इसी बदली धारणा और नये विश्वास का नया प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। स्वाभाविक रूप से प्रदेश में होने वाला कोई भी आयोजन अपने आप बड़ा हो जाता है। भारत सरकार द्वारा खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तृतीय संस्करण के आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश का चयन किया गया है। यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। 200 विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं इस आयोजन में भागीदार बन रहे हैं। इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश को जानने, सीखने तथा समझने का एक अवसर उन्हें प्राप्त होगा। साथ ही, उत्तर प्रदेश को देश के 200 विश्वविद्यालयों से आने वाले इन युवा अतिथियों के स्वागत का भी अवसर प्राप्त होगा। उत्तर प्रदेश की पूरी टीम इसके लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 में भारत सरकार और सभी राज्यों को इन खेलों में भागीदार बनने तथा अपना मार्गदर्शन प्रदेश को देने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उनके स्वागत के लिए उत्सुकता से तैयार है। यह खेल की गतिविधियों को युवाओं तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय मनीषा ने सदैव कहा है कि ‘शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम’ अर्थात धर्म के जितने भी साधन हैं वह सभी स्वस्थ शरीर से ही सम्भव हो सकते हैं। स्वस्थ शरीर उसी को प्राप्त होगा जो नियम, संयम तथा अनुशासन से रहता होगा। खेल और खेलकूद की गतिविधियों से व्यक्ति न केवल स्वस्थ रह सकता है बल्कि समाज तथा अपने राष्ट्र को भी सशक्त कर सकता है। ‘खेलो इण्डिया’ तथा ‘फिट इण्डिया मूवमेन्ट’ इसी श्रृंखला के हिस्से हैं। आज प्रदेश में गांव से लेकर जनपद स्तर तक सांसद खेल प्रतियोगिता का भव्य तरीके से आयोजन हो रहा है। जनपद स्तर पर हमारे पास खिलाड़ियों की बड़ी टीम बनी है। ग्रामीण क्षेत्रों के बालक एवं बालिकाएं इन आयोजनों से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय युवा मामले तथा खेल मंत्री का इस अभियान को गति देने के लिए आभार व्यक्त किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए उठाए गये कड़े कदम

यूपी रोडवेज: इंटर डिपोज क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में कैसरबाग डिपो ने चारबाग डिपो को पराजित किया

भाजपा की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को दी प्राथमिकताः नीरज शाही